कांग्रेस ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए विराेध-प्रदर्शन कर कलेक्टर को सौपा ज्ञापन
धमतरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। नगरपंचायत आमदी में सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने भाजपा के सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए साेमवार काे जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नगर कांग्रेस कमेटी आमदी की अध्यक्ष कविता साहू ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में कांग्रेस से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक पार्षद के साथ जातिसूचक गाली-गलौच कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, जो न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा के खिलाफ है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाने वाला है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ऐसी घटनाओं से नगर पंचायत का वातावरण बिगड़ रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंच रही है।
कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नगर पंचायत आमदी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संबंधित पार्षद के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू नहीं की गई तो तीन दिनों के भीतर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में कविता साहू के साथ व्यास नारायण निषाद, होमेश्वर साहू, ऋषभ ठाकुर, ललिता पटेल, खिलेन्द्र, हेमंत साहू, सुनिता साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा