मवेशी तस्करी के मामले में कथित मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं तीन प्रकरण

 


बलरामपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के मामले में पुलिस ने कथित मुख्य आरोपित और स्थानीय सप्लायर जितेन्द्र जायसवाल को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित पर मवेशी तस्करी से जुड़े तीन अन्य मामले भी पहले से दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को रघुनाथनगर पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि केसारी गांव से कुछ लोग मवेशियों को पैदल अवैध रूप से उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करी में शामिल लोगों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान दीपक सोनवानी (24), निवासी केसारी को मौके से गिरफ्तार किया गया और 34 भैंस-भैंसों को जब्त किया गया। अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

मामले में फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर केसारी निवासी जितेन्द्र जायसवाल (34) को 8 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान अपराध में संलिप्तता से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत उसे आज गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र जायसवाल स्थानीय स्तर पर मवेशियों की खरीद और आपूर्ति करने की भूमिका निभाता था। वह कथित तौर पर गांवों और किसानों से कम कीमत पर मवेशी खरीदकर उन्हें एकत्र करता था और जंगलों में छिपाकर आगे भेजने की व्यवस्था करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि जितेन्द्र जायसवाल के विरुद्ध रघुनाथनगर थाने में मवेशी तस्करी से संबंधित तीन अन्य प्रकरण भी दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 26/2026, 127/2021 और 124/2025 शामिल हैं। पुलिस इन मामलों के आधार पर भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर की गई। इसमें रघुनाथनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह और पुलिस टीम की प्रमुख भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय