बर्ड फ्लू को लेकर धमतरी जिले में अलर्ट जारी
धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। बिलासपुर जिले के कोनी में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पूरे प्रदेश में इस संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमतरी में पशुधन विकास विभाग सतर्क हो गया है। सभी कर्मचारियों को बर्ड फ्लू से संबंधित लक्षणों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र कोनी में पांच हजार मुर्गे व मुर्गियों की मौत हो गई थी। जांच के लिए सेंपल भोपाल भेजे गए थे। रिपोर्ट में इन मुर्गे व मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू संक्रमण से होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद पूरे प्रदेश में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बर्ड फ्लू अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से जंगली और पालतू पक्षियों को प्रभावित करती है। पक्षियों से मानव में भी इसके फैलने का खतरा रहता है, इसके चलते इसके संक्रमण को लेकर धमतरी जिले में भी सावधानी बरती जा रही है।
पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक अवधेश मरकाम ने बताया कि इस संक्रमण को लेकर विभागीय अधिकारी कर्मचारियों का अमला अलर्ट हो गया है। कहीं भी इस संक्रमण के लक्षण मिलने पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। मालूम हो कि बर्ड फ्लू संक्रमण का कारण वायरस है, जो पक्षियों की श्वसन प्रणाली और आंतों को संक्रमित करता है। यह पालतू और जंगली सहित सभी प्रकार के पक्षियों को प्रभावित करता है। मानव में इसके संक्रमण के लक्षण बुखार, खांसी, गले में, मांसपेशियों में दर्द और गंभीर मामलों में निमोनिया हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा