एआई समिट में नग्नता के बाद देश को बदनाम करने की साजिश देशद्रोह : ठोकने

 


-सोशल मीडिया में आकर लोगों ने खोली पोल कई वीडियो जारी किया

रायपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने गुरुवार काे कांग्रेस की ओछी राजनीति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल करने के प्रयासों पर तीखा हमला बोला है। ठोकने ने हालिया एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नग्न प्रदर्शन को देशद्रोही श्रेणी का कृत्य बताते हुए कहा कि विश्व बिरादरी के सामने भारत को शर्मसार करने के इस निन्दनीय कृत्य के लिए कांग्रेस नेता पूरे देश से बिना शर्त माफी मांगें।

भाजपा प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के राजनीतिक स्वार्थ को साधने के लिए एआई समिट में आए विदेशी मेहमानों के सामने नग्न प्रदर्शन किया जाना कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, बल्कि कांग्रेस नेतृत्व की सोची-समझी साजिश थी, जिसकी पुष्टि घटना के बाद शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी से हो रही है। सोशल मीडिया पर देश को बदनाम करने की साजिश करने का गम्भीर आरोप लगाते हुए ठोकने ने कहा कि डिजिटल पब्लिक रिलेशन कंपनी ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को इस साजिश को अंजाम देने के लिए भारी रकम का लालच दिया। इसका एकमात्र उद्देश्य एआई समिट को फ्लॉप बताना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारत सरकार की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करना था। ठोकने ने कहा कि सत्ता की लालसा में देश को बदनाम करना सीधे तौर पर देशद्रोह की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल सत्ता पाने ऐसे षड़यंत्र रच सकती है तो सत्ता में रहते क्या-क्या पाप कर चुकी होगी सहज समझा जा सकता है।

ठोकने ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश द्वारा कॉमनवेल्थ गेम्स का उदाहरण देकर भाजपा को घेरने की कोशिशों पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि बघेल तथ्य और सत्य को लहूलुहान करने की अपनी आदत से बाज आएँ। ठोकने ने बघेल को याद दिलाया कि भाजपा ने कॉमनवेल्थ गेम्स के समय उस आयोजन का नहीं, बल्कि कांग्रेस पोषित भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का विरोध किया था, जहाँ महज 30 रुपये के टॉयलेट पेपर को तीन हजार रुपये में खरीदा गया था। उसी कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान कई देशों ने इसमें भाग लेने से साफ मना कर दिया था। इसी दौरान दिल्ली में बना पुल ढह गया था। ठोकने ने कहा कि भूपेश जैसे नेता कांग्रेस के भ्रष्टाचार के इतिहास को और पाप को जितना ढकने का प्रयास करेंगे कांग्रेस का पाप गंध की तरह उतना उजागर होता जाएगा। कांग्रेस का यह कृत्य अक्षम्य है देश की जनता कांग्रेस और गांधी परिवार को कभी माफ नहीं करेगी।

ठोकने ने दो टूक कहा कि राहुल गांधी, मणिशंकर अय्यर, दिग्विजय सिंह और भूपेश बघेल जैसे 'ओवर स्मार्ट' नेता आज देश के विकास के लिए अभिशाप बन चुके हैं। राम द्रोही होने का प्रमाण पहले ही दे चुकी कांग्रेस अब भाजपा का विरोध करते-करते देशद्रोही होने का सबूत दे रही है। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की चाह में कांग्रेस पतन की किसी भी सीमा को लांघने को तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल