महाराजा अग्रसेन के आदर्श सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास की प्रेरणा : राज्यपाल डेका
अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन
रायपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित 21 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन रविवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ हुआ। सुबह जवाहर नगर स्थित अग्रसेन भवन में पूजा-अर्चना के पश्चात महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 18 मोहल्लों की आकर्षक झांकियां तथा सुसज्जित ऊंट-घोड़ों के साथ निकली महाराजा अग्रसेन की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शाम को आयोजित समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में आयोजित कवि सम्मेलन में कवि शशिकांत यादव, सुदीप भोला, पार्थ नवीन, रुचि चतुर्वेदी एवं दिनेश देसी घी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
शोभायात्रा अग्रसेन भवन से प्रारंभ होकर एमजी रोड, रामसागरपारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, भैंसथान एवं अग्रसेन चौक होते हुए समता कॉलोनी स्थित गोदावरी सेवा सदन पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह अग्रवाल समाज एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। 18 मोहल्लों की झांकियों ने समाज की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने कहा कि 21 दिवसीय महोत्सव में 18 मोहल्लों की सहभागिता सराहनीय रही। उन्होंने सभी समितियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सभा शिक्षा, रक्तदान और जरूरतमंदों की सहायता के साथ विधवा, विधुर एवं तलाकशुदा व्यक्तियों के पुनर्विवाह जैसे सामाजिक कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि रक्तदान के माध्यम से देशभर में लगभग 300 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया है। आगामी 26 दिसंबर को पुनर्विवाह आयोजन की योजना है। समाज के लिए 8,000 वर्गफीट के हॉल का निर्माण कार्य प्रारंभ है, जिसके बाद कुल उपलब्ध हॉल क्षेत्र लगभग 16,000 वर्गफीट हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नवा रायपुर में सामाजिक गतिविधियों के विस्तार के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था।
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और सामूहिक विकास की प्रेरणा बताया। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा नई पीढ़ी को महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से जोड़ने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल, अग्रवाल युवा मंडल अध्यक्ष सी.एस. सौरभ अग्रवाल, महामंत्री मनमोहन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी योगेश अग्रवाल, शोभायात्रा प्रभारी शैलेश अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी दीपक गुप्ता एवं उदित अग्रवाल सहित प्रेमचंद अग्रवाल, किसान अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, जे.पी. अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, संजय चौधरी, संजय अग्रवाल, राजेश हैलीवाल, राम अग्रवाल, योगी अग्रवाल, सतपाल जैन सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल