कृषि मोटर पंपों के केबल चोरी से बढ़ी किसानों की चिंता, पुलिस से कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
धमतरी, 15 जुलाई (हि.स.)। ग्राम पोटियाडीह में कृषि मोटर पंपों के केबल चोरी होने की लगातार बढ़ती घटनाओं ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश की कमी के बीच सिंचाई के लिए मोटर पंपों पर निर्भर किसानों के सामने अब फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या को लेकर गांव के किसानों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
किसान रोहिताश मिश्रा, पंडित राजकुमार तिवारी सहित अन्य किसानों का कहना है कि गांव में पिछले कुछ समय से कृषि मोटर पंपों के केबल लगातार चोरी हो रहे हैं, जिससे खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में बताया गया है कि अब तक ग्राम पोटियाडीह के 15 से 20 किसानों के कृषि मोटर पंपों के केबल चोरी हो चुके हैं। इससे किसान समय पर खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर मोटर पंपों के केबल चोरी हो जाने से सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है।
किसानों का कहना है कि हर बार नया केबल खरीदना उनके लिए आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल भी बन गया है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, जिससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके और किसानों की फसलों व कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
किसानों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करेगा, जिससे उन्हें राहत मिल सके और खेती-किसानी का कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके। ज्ञापन सौंपने वालों में साधुराम साह, पोखराज समू, कुलेश्वर, साकेत कुमार, ओम नारायण, अनिल तिवारी, रोशन लाल साहू, मनोज कुमार, उर्मिला साहू सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा