धमतरी में बढ़ने लगा गर्मी का प्रकोप, लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

 


धमतरी, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में तापमान लगातार बढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भीषण उमस और तेज धूप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक ने बुधवार काे बताया कि इन दिनों धूप का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे जरा सी लापरवाही भी लोगों को लू की चपेट में ला सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि लू न केवल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि समय पर उपचार न मिलने पर जानलेवा भी साबित हो सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी में लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर से पानी और आवश्यक खनिज लवण पसीने के जरिए बाहर निकल जाते हैं, जिससे शरीर में कमी हो जाती है और यही लू लगने का प्रमुख कारण बनता है।

ऐसे पहचानें लू के लक्षण:

लू लगने पर शरीर का तापमान बढ़ जाता है, लेकिन पसीना नहीं आता। इसके साथ ही तेज प्यास लगना, पेशाब कम होना, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। गंभीर स्थिति में आंखों के नीचे कालापन, भूख में कमी, आंखों के सामने अंधेरा छाना और बेहोशी तक की नौबत आ सकती है।

बचाव के लिए जरूरी सावधानियां:

स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि बिना आवश्यक कारण के दोपहर में घर से बाहर न निकलें। बाहर जाते समय खाली पेट न रहें और पर्याप्त पानी पीकर ही निकलें। सिर को टोपी या गमछे से ढकें और आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का उपयोग करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और समय-समय पर तरल पदार्थ लेते रहें।

लक्षण दिखें तो तुरंत करें यह उपाययदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण नजर आएं, तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। ओआरएस घोल पिलाएं और शरीर को ठंडे पानी से पोंछें। प्राथमिक उपचार के तौर पर ठंडी पट्टियां रखें और कच्चे आम का पना या जलजीरा जैसे पेय पदार्थ दें। जरूरत पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत उपचार कराएं।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ओआरएस की उपलब्धता के लिए मितानिन या एएनएम से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही किसी भी स्वास्थ्य संबंधी सलाह के लिए टोल-फ्री नंबर 104 पर कॉल कर विशेषज्ञों से जानकारी ली जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में सावधानी बरतें और लू से बचाव के उपायों को अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा