चावला रेस्टोरेंट और कलाकंद मिठाई दुकान पर प्रशासन की दबिश, खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

 


रायगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने गुरुवार देर शाम चक्रधर नगर चौक स्थित चावला रेस्टोरेंट, कलाकंद मिठाई दुकान तथा मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी मयंक मिश्रा, सहायक कलेक्टर गोकुल आरके और तहसीलदार शिव डनसेना मौजूद रहे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से नमूना सहायक सरिता पटेल ने खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों और सामान्य दिनों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच एवं निगरानी की जा रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए मावा, पनीर, घी, मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। इसके लिए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान