फसल बीमा के लाभ से वंचित हैं सिंगपुर एवं मूलगांव कृषि समितियों के किसान

 


धमतरी, 16 जून (हि.स.)। खेती-किसानी, खाद-बीज, फसल बीमा, बिजली, सड़क, संचार और सहकारी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे किसानों ने अब अपनी लंबित मांगों के निराकरण के लिए आवाज बुलंद कर दी है। किसान संघर्ष संघ दक्षिण मगरलोड वनांचल सिंगपुर क्षेत्र ने मंगलवार को जिला प्रशासन के समक्ष 15 सूत्री मांग पत्र सौंपकर किसानों की बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग की है।

मंगलवार को किसान संघर्ष संघ दक्षिण मगरलोड वनांचल सिंगपुर क्षेत्र के पदाधिकारी एवं सदस्य 15 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपर कलेक्टर इंदिरा सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसान संघर्ष संघ के अध्यक्ष रामायण सिन्हा, किसान नेता जगन्नाथ मंडावी एवं दुखित राम ध्रुव ने बताया कि सिंगपुर एवं मूलगांव कृषि समितियों के अंतर्गत आने वाले गांवों के किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित हैं। इसके अलावा यूरिया-डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने और सहकारी समितियों से ऋण वितरण में आ रही दिक्कतों के कारण किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने मांग की है कि राजस्व एवं वन पट्टाधारी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन और रकबा सुधार जल्द किया जाए। इसके अलावा मूलगांव में जियो नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने, मोहेरा धान उपार्जन केंद्र को प्राथमिक कृषि सहकारी समिति का दर्जा देने एवं बोर लाइन की बिजली कटौती बंद करने की मांग प्रमुखता से रखी। किसानों ने बेंद्राचुवा-सरईरुख-सिंगपुर मार्ग की स्वीकृति, मोहंदी-बिरझुली-सिंगपुर-दुगली मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत और मड़वापथरा से पठार मुख्य मार्ग तक डामरीकरण सड़क निर्माण की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। साथ ही सिंगपुर के अनुसूचित जाति छात्रावास को अनुसूचित जनजाति छात्रावास में परिवर्तित करने, मूलगांव प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के लिए कार्यालय एवं खाद गोदाम की स्वीकृति एवं समिति परिसर में चबूतरा निर्माण की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

किसान संघर्ष संघ ने प्रशासन से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा। इस दौरान मेला राम, पंचराम सहित अन्य किसान उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा