तिल्दा स्कूल में पिलर गिरने से सात वर्षीय बच्चे की मौत पर एडीएम ने दिए जांच के आदेश
-ग्रामीणों ने की प्रबंधन पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
रायपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा के समीप स्थित सिमगा तहसील के हथबंद गांव में स्वामी आत्मानंद स्कूल में पिलर गिरने से सात वर्षीय मासूम बच्चे की मौत पर एडीएम ने आज रविवार को स्थल निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सात वर्षीय शिवम यादव निवासी रतनपुर बिलासपुर रिश्तेदारों के गांव हथबंद आया था। शनिवार को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट के सामने खेल रहा था, तभी जर्जर पिलर से लगा स्कूल का लोहे का गेट उसके ऊपर गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीण लंबे समय से जर्जर पिलर पर लगे गेट की मरम्मत की मांग कर रहे थे, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कभी इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसका दुष्परिणाम एक सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत के रूप में सामने आया।
घटना के बाद सिमगा एडीएम ने स्थल निरीक्षण किया और जांच के आदेश दिए है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल