बिलाईगढ़ में शुरू होगा अपर कलेक्टर कार्यालय, हर गुरुवार लगेगी लिंक कोर्ट
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की एक और महत्वपूर्ण घोषणा पूरी हो गई है। बिलाईगढ़ में सोमवार को अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय सारंगढ़ तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। अब स्थानीय स्तर पर ही राजस्व प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलाईगढ़ के ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल होने के दौरान क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यहां अपर कलेक्टर कार्यालय स्थापित करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा पर जिला प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कार्यालय संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आज इस पूरी प्रक्रिया की नियमित समीक्षा कर आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कराईं।
कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ से साेमवार काे जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से न्यायालय नायब तहसीलदार कोर्ट, बिलाईगढ़ में किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक गुरुवार को अपर कलेक्टर द्वारा लिंक कोर्ट लगाई जाएगी। इस दौरान राजस्व एवं अन्य संबंधित प्रकरणों की सुनवाई और नियमानुसार निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों और प्रकरणों के साथ निर्धारित दिवस पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्यायालयीन एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, अधिवक्ताओं और अन्य पक्षकारों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए सारंगढ़ जिला मुख्यालय तक आने-जाने में लगने वाले समय और खर्च की बचत होगी। स्थानीय स्तर पर सुनवाई की व्यवस्था होने से लोगों को प्रशासनिक सेवाएं अधिक आसानी से मिल सकेंगी।
कलेक्टर ने की घोषणा के क्रियान्वयन की समीक्षा
मुख्यमंत्री की घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आज अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यालय संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के पूरा होने से बिलाईगढ़ क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, वरिष्ठ समाजसेवी ओंकारेश्वर शरण सिंह, अधिवक्तागण, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT