दुर्ग-हटिया और शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे

 


रायपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा तथा अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने और गुजरने वाली दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।

रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस में 11 अगस्त 2026 को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस में 12 अगस्त 2026 को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) एक्सप्रेस में 08 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त एसी थ्री-टियर (एसी-3) कोच लगाया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 18029 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी)-शालीमार एक्सप्रेस में 10 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त एसी थ्री-टियर कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त कोच लगाए जाने से इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले अधिक यात्रियों को कन्फर्म आरक्षण मिल सकेगा और यात्रा सुविधा में भी सुधार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल