राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत धमतरी में कार्रवाई, 20 चालान काटे गए
धमतरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की जिला प्रवर्तन टीम ने सिहावा चौक, अधारी नवागांव और धमतरी शहर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोटपा एक्ट 2003 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 चालान काटे गए और 1000 रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
कार्रवाई के दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ियों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले पान ठेलों, गुमटियों और दुकानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रवर्तन दल स्वास्थ्य विभाग एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले व्यक्तियों के साथ-साथ पान दुकान, जनरल स्टोर, टी स्टॉल और किराना दुकानों में भी जांच की। सभी दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण संबंधी वैधानिक चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को गुटखा एवं तंबाकू उत्पाद न बेचने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से ड्रग इंस्पेक्टर संदीप कुमार सूर्यवंशी और सोशल वर्कर विकास कुमार शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तंबाकू नियंत्रण कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तंबाकू का सेवन है शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक-तंबाकू का सेवन शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक है। तंबाकू का सेवन शरीर के लगभग हर अंग को नुकसान पहुंचाता है। इसके दुष्प्रभाव तुरंत भी दिख सकते हैं और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण भी बनते हैं। इससे मुंह, गले और फेफड़ों का कैंसर हो सकता है। हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है। दांत और मसूड़े खराब होते हैं। गर्भवती महिलाओं व बच्चों पर भी दुष्प्रभाव पड़ता है। यह निकोटिन की लत लगाकर शारीरिक और मानसिक नुकसान पहुंचाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा