अंबिकापुर : मांड और मैनी नदी में अवैध उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई, 22 वाहन जब्त

 


अंबिकापुर, 25 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले में मांड और मैनी नदी क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। “मांड व मैनी नदी का सीना छलनी, खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन” शीर्षक से प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए 24 मार्च को सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बुधवार काे बताया कि अभियान के तहत बतौली और सीतापुर क्षेत्र के ग्राम केसला, भिठुआ, राधापुर, मंगरैलगढ़, नवाटोली, काराबेल और प्रतापगढ़ में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 14 ट्रैक्टर और एक हाईवा सहित कुल 15 वाहन, जबकि गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन में लगे 6 हाईवा और एक टीपर समेत कुल 22 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त सभी वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर सीतापुर, बतौली और रघुनाथपुर थानों की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत सख्त अर्थदंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में खनिज विभाग और राजस्व विभाग की टीम के साथ नगर सैनिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह