बलरामपुर : बिना लाइसेंस बीज बेचने पर कार्रवाई, कृषि विभाग ने बीज जब्त किए, दो दुकानों को नोटिस

 


बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए आज बुधवार कृषि विभाग ने जिले में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम पशुपतिपुर में बिना लाइसेंस बीज बेचते पाए जाने पर एक दुकान से बीज जब्त किए गए, जबकि दो कृषि प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम जिले के विभिन्न विकासखंडों में खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। जांच के दौरान लाइसेंस, स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, भंडारण व्यवस्था और निर्धारित दर पर सामग्री उपलब्ध कराने से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पशुपतिपुर में एक दुकान संचालक बिना वैध लाइसेंस के कृषि बीज बेचता मिला। अनियमितता की पुष्टि होने पर विभाग ने दुकान में उपलब्ध बीज जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

इसके अलावा सरस्वती कृषि सेवा केंद्र और जायसवाल कृषि विस्तार केंद्र में भी नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस कृषि आदानों की बिक्री, निर्धारित मूल्य से अधिक दर वसूलने या अन्य अनियमितताओं में लिप्त पाए जाने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज और कीटनाशक खरीदें तथा खरीदारी के समय बिल अवश्य लें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की जानकारी तुरंत कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय