अवैध प्लाटिंग पर चला निगम व राजस्व का बुलडोजर
मुरूम व अन्य सामाग्री जब्त, भू माफियों में कार्रवाई से मचा हड़कंप
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। शहर में अवैध प्लाटिंग पर प्रभारी रोक नहीं लग पा रही है। विधायक ओंकार साहू और सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने विधानसभा में अवैध प्लाटिंग का मुद्दा उठाया, तब जाकर निगम प्रशासन व राजस्व विभाग ने शहर में अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। जेसीबी लेकर शहर में चल रहे अवैध प्लाटिंग पर अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए सड़क ध्वस्त किया।
विधानसभा में धमतरी जिले समेत एक अन्य जिले में सबसे ज्यादा अवैध प्लाटिंग होने का मुद्दा उठा। तब जाकर जिले के जवाबदार अधिकारी-कर्मचारियों ने यहां कार्रवाई की। भूमाफिया शासन-प्रशासन के साथ सांठगांठ कर अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं। 18 मार्च को नगर निगम एवं राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए गोकुलपुर वार्ड लाइवलीहुड कालेज के पीछे क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कालोनी पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देशानुसार आदेश के परिपालन में की गई है। जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पाया गया है कि खसरा क्रमांक 37/2 में शामिल 38/2, 3715, 78/11 रकबा 1.011 हेक्टेयर तथा खसरा क्रमांक 3715 में शामिल 30/5 रकबा 0.2740 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुमति अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके अतिरिक्त खसरा क्रमांक 78/20, 78/29 रकबा 0.2022 हेक्टेयर में भी अवैध रूप से प्लाट विकसित करने के उद्देश्य से मुरुम डालकर सड़क निर्माण किया गया था। संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित मार्ग को जेसीबी मशीन के माध्यम से ध्वस्त किया गया तथा उपयोग में लाई गई मुरुम एवं अन्य सामग्री को जब्त किया गया। संबंधित व्यक्तियों को बिना सक्षम अनुमति के प्लाटिंग न करने की कड़ी हिदायत दी गई तथा भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कार्रवाई के दौरान नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे तथा मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा