जांजगीर-चांपा में खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाला आरोपी घंटों में गिरफ्तार, चोरी की बैटरी बरामद
जांजगीर-चांपा, 20 मई (हि. स.)। थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खड़ी ट्रक से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 11 हजार 500 रुपये कीमत की चोरी गई एक्साइड एक्सप्रेस लाल रंग की बैटरी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अक्षत तिवारी निवासी बिर्रा रोड चांपा, ग्लोबल रोड कैरियर में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनका निवास ट्रांसपोर्ट कार्यालय परिसर के पीछे ही है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे वे रोजाना की तरह कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट ऑफिस के सामने खड़ी डाला बॉडी ट्रक क्रमांक सीजी 12 एस 5566 से आवाज आने पर उन्होंने मौके पर जाकर देखा कि ट्रक की सीट पलटी हुई थी और एक व्यक्ति ट्रक की बैटरी निकालकर ले जा रहा था।
घटना स्थल पर आरोपी की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 एयू 8152 भी खड़ी मिली। मामले की सूचना तत्काल थाना चांपा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 249/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों और प्रार्थी के बयान के आधार पर आरोपित की पहचान अजय अनंत (35 वर्ष) निवासी कोटाडबरी थाना चांपा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने ट्रक से बैटरी चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित पूर्व में भी अन्य मामलों में जेल जा चुका है।
थाना चांपा पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की बैटरी बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक गौरीशंकर राय, ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे, आदित्य प्रताप, सुमंत कंवर एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT