प्रतिबंधित नशीली सिरप-गोलियों के साथ एक आराेपित गिरफ्तार

 


सुकमा, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप और नशे की गोलियों के साथ आज रविवार काे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

आरोपित राजेंद्र बिस्वास ओडिशा के मलकानगिरी में रहकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था, और नशे का सामान लेकर सुकमा शहर में बेचने पहुंचा था। आरोपी के कब्जे से 720 नग नशीले कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक व्यक्ति भारी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कुम्हारपारा क्षेत्र के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास पिता गोविंद बिस्वास, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदमगिरी बताया। वह वर्तमान में मलकानगिरी, ओडिशा में रह रहा था। उसकी तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक कार्टून में रखे गए नशीले पदार्थ बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी से पीवाॅन स्पाॅस प्लस के 720 कैप्सूल तथा ओनिरेक्स प्लस कफ सिरप की 108 बोतलें जब्त कीं। आरोपित इन पदार्थों के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपित के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

सुकमा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑपरेशन आगाज के तहत अब तक 24 अंतर्राज्यीय तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में लगभग 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े तस्करों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे