8.375 किलो अवैध गांजा के साथ एक आराेपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के नगरनार थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के आराेपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.375 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आराेपित के विरूद्ध थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई उपरांत आज गुरूवार काे न्यायिक रिमांड पर रवाना किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपित प्रदीप बेपारी (26 वर्ष), निवासी ग्राम कुरूकोंडा, थाना कुरूकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) से प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अवैध गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाने की फिराक में था। मुखबिर से सूचना मिली कि धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास एक युवक पिठ्ठू बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके बैग से आठ पैकेटों में कुल 8.375 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, सहायक उपनिरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक तुलसी दास तथा आरक्षक बलराम कश्यप, चंद्रकुमार कंवर और वाहन चालक अविनाश मांझी का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे