घर में छिपाकर रखे 42 किलो अवैध गांजा के साथ एक आराेपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले के थाना करपावंड क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 42 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर रवाना कर दिया है।
करपावंड पुलिस काे सोमवार काे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छतौडी निवासी लालू प्रसाद बघेल (25 वर्ष) अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध गांजा छिपाकर रखा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी भानपुरी प्रवीण भारती के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी करपावंड दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई। टीम तत्काल ग्राम छतौडी पहुंची और संदिग्ध आरोपी के घर की तलाशी ली गई। आरोपी ने घर के आंगन की बाड़ी में गड्डा खोदकर प्लास्टिक ड्रम जमीन के अंदर दबाकर रखा था, जिसमें गांजा छिपाया गया था। इसके अलावा घर के अंदर एक सफेद बोरी में भी गांजा रखा हुआ मिला। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों स्थानों से कुल 42 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 21 लाख रुपये है, बरामद कर जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पुराना टच स्क्रीन मोबाइल और 1,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपित लालू प्रसाद बघेल (उम्र 25 वर्ष) निवासी छतौडी, थाना करपावंड, जिला बस्तर के खिलाफ थाना करपावंड में धारा 20 (ख), एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रवाना कर दिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सुखनाथ दीवान, प्रधान आरक्षक रामनाथ भारती एवं संजीव सिंह, आरक्षक निरंजन महानंदी, कैलास भास्कर, डूमर बघेल, श्याम लाल कश्यप एवं पोलाद कश्यप तथा महिला आरक्षक चम्यंती का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे