जांजगीर-चांपा: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपित गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा जेल

 


जांजगीर-चांपा, 30 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर नाबालिग को घुमाने के बहाने ले जाकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार काे उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को चांपा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि बालिका अपनी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।

इस दौरान जानकारी सामने आई कि नाबालिग बालिका को लोचन यादव नामक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाते देखा गया था। शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, विवेचना और पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपित लोचन कुमार यादव नाबालिग बालिका को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था, जहां उसने कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, प्रधान आरक्षक अमृत सलुजा, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक गौरीशंकर राय सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT