दाे लाख 65 हजार की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक कार सवार आराेपित गिरफ्तार

 


कांकेर, 21 जून (हि.स.)। जिले के अंतागढ़ पुलिस ने आज रविवार काे दाे लाख 65 हजार की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक कार सवार आराेपित काे गिरफ्तार क‍िया गया है।

पुल‍िस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम कढ़ाई खोदरा में नाकाबंदी कर सफेद रंग की ऑर्टिगा कार क्रमांक सीजी 07 सीजेड 3590 को रोककर तलाशी ली। वाहन की जांच के दौरान उसमें 40 पेटियों में भरी मध्यप्रदेश निर्मित दाे लाख 65 हजार की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर पुलिस ने कार सवार आराेपित महेश सेन (28 वर्ष) निवासी सुपेला, भिलाई जिला दुर्ग काे गिरफ्तार कर आराेपित के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ पूर्व में आबकारी, एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामलों में भी प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑर्टिगा कार क्रमांक सीजी 07 सीजेड 3590 से कुल 1970 नग गोवा व्हिस्की जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार 950 रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त ऑर्टिगा कार, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। आरोपि‍त महेश सेन ने शराब को मध्यप्रदेश के अनूपपुर क्षेत्र से लाने की जानकारी दी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक आलोक सुबोध, सहायक उपनिरीक्षक कन्हैया मरकाम, पीएसआई नकुल पैकरा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का याेगदान रहा । कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं और सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे