जांजगीर-चांपा : राइस मिल में चाकू लहराकर धमकी देने वाला आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में राइस मिल में घुसकर चाकू लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पीयूष अग्रवाल ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह काम से बिलासपुर गया हुआ था। इसी दौरान उसके राइस मिल के कर्मचारी अमर टंडन ने फोन कर बताया कि एक व्यक्ति को धान चोरी करते हुए पकड़ा गया था, जो अपनी स्कूटी में चोरी का धान लेकर जा रहा था। मिल के कर्मचारियों द्वारा पकड़ने पर वह आरोपित स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 4 अप्रैल की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वही व्यक्ति, जिसकी पहचान ग्राम खटोला निवासी जगन्नाथ विश्वकर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई, शराब के नशे में चाकू लेकर राइस मिल में घुस आया। उसने पीड़ित और उसके कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपनी स्कूटी वापस मांगने लगा। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 332 (सी), 305 (ए), 62, 296, 351 (3) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपित के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, स्कूटी और एक कट्टी धान को जब्त किया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के भास्कर शर्मा, एएसआई अशोक कश्यप, आरक्षक महेंद्र राज, राजा जयप्रकाश और राज पांडे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT