विवाह का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

 


कोंडागांव, 04 जुलाई (हि.स.)। जिले के केशकाल थाना क्षेत्र के एक मामले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार कर आज शनिवार काे केशकाल लाया गया है। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर कार्रवाई उपरांत आरोपित को न्यायिक रिमांड पर रवाना कर दिया है।

9 सितंबर 2025 को पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि 6 सितंबर को उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर केशकाल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 30 जून को पुलिस ने दिल्ली से पीड़िता को सकुशल बरामद किया। जांच के दौरान आरोपित की पहचान पंकज शर्मा (25) निवासी राम गंगा कॉलोनी, सेक्टर-7, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपित ने मोबाइल फोन के जरिए नाबालिग से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे बरेली बुला लिया। इसके बाद वह उसे अपने घर और दिल्ली के सुल्तानपुरी स्थित किराए के मकान में रखकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। आरोपित के खिलाफ जांच के दौरान बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(m), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर शनिवार काे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, सहायक उपनिरीक्षक हेमंत देवांगन, साइबर आरक्षक मनोज मरकाम और महिला आरक्षक अहिल्या यादव का याेगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे