जांजगीर-चांपा: पुरानी रंजिश में घर में घुसकर महिला से मारपीट और जान से मारने की धमकी, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 05 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कल्याणपुर निवासी भारती शर्मा ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पड़ोस में रहने वाला चंद्रकांत शर्मा उर्फ छोटू (39 वर्ष), जो रिश्ते में उनका भतीजा लगता है, लंबे समय से पुरानी रंजिश रखता है। शिकायत में बताया गया कि आरोपित ने पहले भी 16 मार्च 2026 को उनके साथ गाली-गलौज की थी, जिसके संबंध में थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
इसी पुराने विवाद को लेकर 29 जून 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे आरोपित दोबारा उनके घर के सामने पहुंचा और पीड़िता तथा उनके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपित जबरन घर के अंदर घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला के साथ मारपीट की।
शिकायत मिलने के बाद अकलतरा थाना पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 333 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्राम कल्याणपुर में दबिश देकर आरोपित चंद्रकांत शर्मा उर्फ छोटू को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुरानी एफआईआर की रंजिश के चलते घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक सुधीर साहू एवं अकलतरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT