शराब पीने के लिए पैसे मांगकर हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा, 01 मार्च (हि. स.)। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में होली के लिए शराब पीने पैसे मांगकर मारपीट और धमकी देने वाले आरोपित के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरवानी निवासी घनश्याम प्रसाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज रविवार सुबह वह अपने घर स्थित दुकान के बाहर खड़ा था। उसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनिल सूर्यवंशी (26 वर्ष), निवासी परसापाली सरवानी, वहां पहुंचा और होली के लिए शराब पीने के नाम पर उससे तत्काल 1,000 रुपये देने की मांग करने लगा। जब पीड़ित ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपित ने डंडे से पीड़ित की पीठ और कंधे पर हमला किया तथा अपने पास रखे लोहे के किसी औजार से भी वार किया। घटना की रिपोर्ट मिलने पर सारागांव थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT