सुकमा : जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या का आराेपित गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टंगिया बरामद
सुकमा, 1 अगस्त (हि. स.)। सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र में एक जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया (हथियार) भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के द्वारा शनिवार 1 अगस्त को जारी प्रेस नोट में बताया कि, 30 जुलाई की सुबह लगभग 10 बजे ग्राम तिमेलवाड़ा (स्कूलपारा) निवासी पोडियाम बण्डी अपने घर में भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई पोडियाम जोगा पुराने जमीनी विवाद एवं खेत जुताई को लेकर विवाद करते हुए रसोईघर में पहुंचा। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने आवेश में आकर पास में रखी टंगिया के पिछले हिस्से से बड़े भाई के सिर पर लगातार दो वार कर दिए। गंभीर चोट एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पोडियाम बण्डी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपित घटना के बाद फरार हो गया।
मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर थाना चिंतागुफा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर आरोपित की तलाश की गई। लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपित पोडियाम जोगा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर विधिवत जब्त की गई। पुलिस ने कार्रवाई उपरांत आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर