सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी का आरोप, रायपुर के होटल कारोबारी के खिलाफ सक्ती में एफआईआर

 




सक्ती, 11 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ सिटी कोतवाली सक्ती में एफआईआर दर्ज की गई है। सक्ती निवासी किशन शर्मा ने आरोपि‍त पर सरकारी टेंडर दिलाने का झांसा देकर रकम लेने और बाद में गारंटी के नाम पर फर्जी चेक देने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, दीपक टंडन ने किशन शर्मा को बताया था कि उच्च अधिकारियों के बीच उसकी अच्छी पहचान और पहुंच है। इसी प्रभाव का हवाला देते हुए उसने सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने चेक के माध्यम से कुल 15 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।

आरोप है कि रकम लेने के बाद दीपक टंडन ने गारंटी के तौर पर चार लाख रुपये का एक चेक दिया, जिसे शिकायतकर्ता ने फर्जी बताया है। इसके बाद किशन शर्मा ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

बताया जा रहा है कि दीपक टंडन के खिलाफ इससे पहले रायपुर और बिलासपुर में भी ठगी एवं ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले दर्ज हैं। अब सक्ती में 15 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी को लेकर एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपि‍त की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

सिटी कोतवाली सक्ती पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चेक के माध्यम से हुए लेन-देन, 4 लाख रुपये के चेक की वास्तविकता और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की पड़ताल कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने आज बुधवार को जानकारी देते हुए बताया क‍ि एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT