एसीबी की टीम ने क्लर्क काे 10 हजार रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
बिलासपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नगर निगम के एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित क्लर्क की पहचान लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है, जो संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी क्लर्क ने लीज रिन्यूवल कराने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की।
निर्धारित योजना के तहत एसीबी बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल