चांपा स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का फरार आरोपित गिरफ्तार, एक लाख से ज्यादा का सामान बरामद
जांजगीर-चांपा, 28 मई (हि. स.)। जिले के थाना चांपा पुलिस को स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। मामले में पहले ही तीन आरोपिताें को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्राचार्य नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद था। 8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला।
जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात चोरों ने खिड़की का रॉड तोड़कर स्कूल के अंदर प्रवेश किया और एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट, कूलर मोटर, हैमर, पेंट, आयरन, स्क्रू ड्राइवर और अन्य सामान चोरी कर लिया।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पहले ही आरोपित यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की थी। उनके कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई डिवाइस, प्रोजेक्टर, बैटरी, टुल्लू पंप समेत कुल 1 लाख 3 हजार 200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों आरोपियों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
मामले का चौथा आरोपित कुनाल मिरी (उम्र 21 वर्ष) निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आज गुरुवार को उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपित के कब्जे से चोरी का सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT