अम्बिकापुर : सड़क दुर्घटना के मामले में 17 वर्षों से फरार आरोपित गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। सड़क हादसे के 17 साल पुराने मामले में अदालत से गैरहाजिर चल रहे स्थायी वारंटी को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपित गांधीनगर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर निवासी रामभरत विश्वकर्मा (35 वर्ष), पिता ननका विश्वकर्मा है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश कर दिया है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल द्वारा जिलेभर में लंबे समय से लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। आरोपित के खिलाफ वर्ष 2009 में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 265/09 के तहत भारतीय दंड संहिता (भादवि) की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 337 और 338 (गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विचारण के दौरान लंबे समय तक अदालत में उपस्थित न होने पर न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था।
कोतवाली पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी थी और पुख्ता सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण यादव तथा आरक्षक सचिन्द्र सिन्हा, संजीव पाण्डेय व अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह