भगवान श्रीकृष्ण का तुलसीदल से हुआ अभिषेक, धूमधाम से मनेगा जन्मोत्सव

 




धमतरी, 03 सितंबर (हि.स.) श्री बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। इसके पूर्व गुरूवार को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक तुलसीदल एवं पुष्पों से भगवान श्रीकृष्ण का विशेष अभिषेक किया गया। मंदिर में दिनभर भक्तों की आवाजाही रही और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

पंडित अशोक शास्त्री ने बताया कि, धार्मिक मान्यताओं में तुलसी को भगवान विष्णु और उनके अवतार श्रीकृष्ण का अत्यंत प्रिय माना गया है। इसी कारण श्रीकृष्ण की पूजा और भोग में तुलसीदल का विशेष महत्व है। मान्यता है कि तुलसीदल अर्पित किए बिना भगवान श्रीकृष्ण को भोग पूर्ण नहीं माना जाता। तुलसी युक्त जल से भगवान का अभिषेक करने से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्नान के समान पुण्य प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है। वहीं तुलसी जी की भक्ति और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण भक्तों पर विशेष कृपा करते हैं।

होंगे विविध आयोजन: चार सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह सात बजे से भगवान के भव्य दर्शन होंगे। सुबह 7.30 बजे मंगल आरती के बाद 10 बजे से भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। दिनभर मंदिर में धार्मिक आयोजन और पूजा-अर्चना का क्रम चलेगा। महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। रात नौ बजे से संगीतमय प्रवचन होगा, जिसके बाद श्रद्धालु भजन और भक्ति रस में सराबोर होंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ महामंगल आरती की जाएगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भगवान के जन्म के समय विशेष आरती और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रध्दालुओं के पहुंचने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा