बलरामपुर : आयुष्मान कार्ड महाअभियान में संकल्प और सतत मॉनिटरिंग से मिली रफ्तार
पहले दो दिनों में 4,681 कार्ड बने, प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन, सभी पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर
बलरामपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे विशेष आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड महाअभियान को व्यापक सफलता मिल रही है। आज शुक्रवार को अभियान के तीसरे दिन भी जिलेभर में विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की सुनियोजित रणनीति, विभागीय समन्वय और सतत मॉनिटरिंग के चलते अभियान ने शुरुआती दो दिनों में ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
जिले में 5 से 7 अगस्त 2026 तक विशेष आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड महाअभियान संचालित किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय निकायों तक विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
महाअभियान के पहले ही दिन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पहले दो दिनों में जिले में कुल 4,681 कार्ड बनाए गए, जिसमें 4,350 आयुष्मान कार्ड और 331 वय वंदन कार्ड शामिल हैं। अभियान के दौरान जिले के सभी छह विकासखंडों में बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही शिविरों में पहुंचकर अपना पंजीयन करा रहे हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर में 1,215 आयुष्मान कार्ड और 67 वय वंदन कार्ड, रामचंद्रपुर में 561 आयुष्मान कार्ड और 36 वय वंदन कार्ड, वाड्रफनगर में 1,277 आयुष्मान कार्ड और 59 वय वंदन कार्ड, राजपुर में 385 आयुष्मान कार्ड और 81 वय वंदन कार्ड, शंकरगढ़ में 318 आयुष्मान कार्ड और 47 वय वंदन कार्ड तथा कुसमी में 594 आयुष्मान कार्ड और 41 वय वंदन कार्ड बनाए गए।
अभियान की सफलता के पीछे जिला प्रशासन की रणनीति, मैदानी स्तर पर विभागों के बीच समन्वय और लगातार निगरानी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी द्वारा अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र हितग्राही आयुष्मान या वय वंदन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे।
जिले के सभी छह विकासखंडों में शिविरों का आयोजन कर पात्र परिवारों को कार्ड बनवाने की प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के सभी पात्र राशन कार्डधारी परिवारों से अपील की है कि वे विशेष महाअभियान का लाभ उठाते हुए परिवार के सभी पात्र सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से वय वंदन कार्ड बनवाने की अपील की गई है। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक है।
प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी विशेष शिविर में पहुंचकर कार्ड बनवाएं और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय