पटवारियों की हड़ताल और किसानों की मांगों को लेकर 29 अक्टूबर को ज्ञापन सौंपेगी आम आदमी पार्टी
हर जिले में कलेक्टर के माध्यम से कृषि मंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन
रायपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ के आह्वान पर 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से प्रदेश की राजस्व व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पटवारियों की हड़ताल का असर किसानों और आम जनता के कामकाज पर भी पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी ने चिंता जताते हुए राज्य सरकार से पटवारियों की मांगों और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बुधवार काे बताया कि पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) ऐप में तकनीकी खामियों, लंबित वेतन विसंगतियों, पदोन्नति और पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में यह आंदोलन जारी है। पार्टी का कहना है कि हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने से आम नागरिकों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्टी ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने और पूर्व में बकाया 150 रुपये प्रति क्विंटल की राशि का भुगतान किए जाने की मांग उठाई है।
इन मांगों को लेकर आम आदमी पार्टी 29 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री को ज्ञापन सौंपेगी। इसके साथ ही सभी लोकसभा क्षेत्रों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पटवारियों की समस्याओं और किसानों की मांगों को उठाया जाएगा।
आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील करते हुए कहा कि पटवारियों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए। साथ ही किसानों को उनकी मांगों के अनुरूप राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि प्रदेश की राजस्व व्यवस्था सामान्य हो सके और आम जनता को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल