आम आदमी पार्टी ने बिरगांव में धूमधाम से मनाया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

 


नगर निगम चुनाव में सभी 40 वार्डों और महापौर पद पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी आप : सूरज उपाध्याय

रायपुर 01 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रविवार को रायपुर के बिरगांव में उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी ने आगामी बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों का भी ऐलान किया। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सूरज उपाध्याय ने कहा कि पार्टी आगामी नगर निगम चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने घोषणा की कि आप बिरगांव नगर निगम के सभी 40 वार्डों में पार्षद पद और महापौर पद पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

श्री उपाध्याय ने कहा कि आम आदमी पार्टी का मुख्य उद्देश्य बिरगांव में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, पारदर्शी शासन व्यवस्था स्थापित करना और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। पार्टी आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है।

इस अवसर पर सूरज उपाध्याय, आरएस ठाकुर, शिव शर्मा, बलवंत सिंह, डॉ. विजय देवांगन, मनीष मेश्राम, संत राम कुर्रे, प्रकाश जांगड़े, शंकर जांगड़े, हरीश घृतलहरे एवं पवन साहू सहित पार्टी के पदाधिकारी, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल