शादी के लिए युवती ढूंढने युवक से 14 हजार रुपये की आनलाइन ठगी
धमतरी, 02 मई (हि.स.)। शादी के लिए युवती ढूंढने एक युवक आनलाइन ठगी का शिकार हो गया। पीड़ित युवक ने घटना की शिकायत थाना में की है।
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी के दानीटोला वार्ड निवासी रवि बघेल ने थाना में लिखित शिकायत कर बताया है कि उसने विवाह के लिए अपना बायोडाटा मोबाइल के एक ग्रुप में डाला था। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक महिला का काल आया। महिला ने योग्य कन्या दिलाने का प्रलोभन दिया और यूनिक रिश्ते नामक वेबसाइट सेवा से जुड़ने के लिए कहा। जिसमें युवक का आईडी व पासवर्ड भी बनाया। इसके बाद विभिन्न प्रोसेसिंग शुल्क, प्रोफाइल एक्टिवेशन, मीटिंग के नाम पर उससे किस्तों में कुल 14 हजार रुपये अलग-अलग माध्यमों से जमा कराया।
इस महिला ने अपना नाम जया बताया। ठग महिला ने कांकेर की एक युवती से बात भी कराई। युवती से कुछ दिनों तक बातचीत हुई, जिससे उन्हें विश्वास हो गया कि रिश्ता आगे बढ़ रहा है। इसके बाद महिला व युवती दोनों का मोबाइल नंबर बंद हो गया। काल करने पर कोई जवाब नहीं मिला। युवती की मां से बात करने पर बताया कि उनकी बेटी भाग गई है। इस पर घटना की शिकायत पीड़ित युवक ने थाना में की है। शिकायत पर पुलिस ठगों को ढूंढने में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा