देवउठनी एकादशी के अवसर पर कमला नेहरू महाविद्यालय में रोपा गया आंवले का पौधा

 


कोरबा, 20 नवंबर (हि.स.)। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर कमला नेहरू महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के प्रतीक के रूप में आंवले के पौधे का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर सहित समस्त प्राध्यापकगण और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।

पौधरोपण के इस कार्यक्रम की शुरुआत अर्थशास्त्र के प्राध्यापक एवं एनएसएस जिला संगठक वायके तिवारी द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ की गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने आंवले के वृक्ष के धार्मिक और औषधीय महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि, भारतीय संस्कृति में देवउठनी एकादशी का विशेष स्थान है और इस दिन आंवले के पौधे का रोपण करना अत्यंत शुभ माना जाता है। यह न केवल पर्यावरण को शुद्ध रखता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित वातावरण भी सुनिश्चित करता है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने गड्ढा खोदने से लेकर पौधा लगाने और सिंचाई करने तक सक्रिय रूप से श्रमदान किया। सभी ने मिलकर रोपे गए पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। इस पहल के माध्यम से महाविद्यालय परिवार ने समाज को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से फाॅरेस्ट्री के विभागाध्यक्ष डाॅ सुनील तिवारी, वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक ओपी साहू, संगणक विभाग के सहायक प्राध्यापक आशुतोष शर्मा उपस्थित रहे। महाविद्यालय के कर्मियों में दुर्गाशंकर पटेल, दिलीप पटेल, हेमंत रजक, सुंदर कंवर, जियालाल ने सहयोग प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT