बाढ़ के पानी का बहाव देखने गई 15 वर्षीय छात्रा तेज बहाव में बही

 


पेट्रोल पंप के पास नाली में फिसला पैर, एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) टीम ने संभाला तलाश अभियान

धमतरी, 26 सितंबर (हि.स.)। धमतरी जिले के मगरलोड अंतर्गत ग्राम पंचायत मेघा में बाढ़ के पानी का बहाव देखने गई 15 वर्षीय छात्रा तराना निषाद, पुत्री उदय निषाद, पेट्रोल पंप के पास स्थित नाली में पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गई। घटना 26 सितंबर की है। छात्रा प्राथमिक शाला मेघा में कक्षा सातवीं में अध्ययनरत बताई गई है।

जानकारी के अनुसार तराना बाढ़ के पानी का बहाव देखने गई थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास तेज बहाव वाली नाली में उसका पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते पानी की धार में बह गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने छात्रा को बचाने और उसकी तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश और नाले में पानी के बहाव के कारण खोज अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। नाले और आसपास के संभावित स्थानों पर छात्रा की तलाश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने तलाश अभियान तेज कर दिया है। जानकारी के अनुसार छात्रा की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम चंदना-चंदसुर से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। टीम के पहुंचने के बाद नाले और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाढ़ के पानी, तेज बहाव वाले नालों और पुल-पुलियों के आसपास जाने से बचें तथा बच्चों को ऐसे संवेदनशील स्थानों पर अकेले न जाने दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा