धमतरी : राष्ट्रीय राजमार्ग 30 की होगी मरम्मत, 6929.41 लाख रुपये की मिली विभागीय स्वीकृति

 


धमतरी, 8 सितंबर (हि.स.)। वर्षा के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 की हालत बद से बदतर हो चली है। जगह-जगह गड्ढे होने से आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। गड्ढों में गिरकर कई लोग घायल भी हो रहे हैं। देर से ही सही अब राष्ट्रीय राजमार्ग की जल्दी मरम्मत होगी। इसे लेकर शासन स्तर पर 6929.41 लाख रुपये की विभागीय स्वीकृति मिली है। सड़क की मरम्मत होने से लोगों को राहत मिलेगी।

धमतरी शहर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में आता है। वर्षा के कारण सड़कों की हालत काफी खराब हो गई जगह-जगह गड्ढे होने से इसमें वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वर्षा का पानी जब गड्ढों में भर जाता है तो कई वाहन फंस भी जाते हैं। हाल के दौरान में इन गड्ढों को सीमेंट, रेत, गिट्टी के मिश्रण से भरने का प्रयास किया गया, लेकिन यह भी नाकाफी साबित हुआ। भारी वाहनों से रेत,गिट्टी उखड़ गई जिससे दिन भर धूल उड़ती रहती है। वर्षा होने पर कीचड़ और मौसम के साफ होने पर धूल होने से लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। लंबे समय बाद अब इस पर रोक लग पाएगी। जनप्रतिनिधियों द्वारा इस संबंध शासन को अवगत कराया गया अब जाकर इसके लिए राशि स्वीकृत हुई है।

छत्तीसगढ़ राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 (नया राष्ट्रीय राजमार्ग 30) के कोडेबोड़-धमतरी (किमी 43.400 से किमी 82.209 तक) चारलेन चौड़ीकरण कार्य के तहत धमतरी शहर के मध्य से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 का राज्य सरकार को हस्तांतरण पूर्व एक बार सुधार कार्य किया जाना है। जिसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरद लोहाना के द्वारा कुछ दिन पूर्व धमतरी कलेक्टर से चर्चा कर तत्काल शहर से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग मरम्मत की मांग की गई थी। जिसके लिए 6929.41 लाख रुपये की विभागीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। संबलपुर बायपास से लेकर श्यामतराई बाईपास तक मरम्मत कार्य किया जाएगा। जिलाध्यक्ष शरद लोहाना ने बताया कि शहर से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग का कुछ समय से मरम्मत कार्य नहीं हो पाने के कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। राहगीर धूल से परेशान थे शहर के नागरिकों के द्वारा लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत की मांग की जा रही थी। नागरिकों की मांग पर जिला कलेक्टर से चर्चा की जिस पर उक्त स्वीकृति प्राप्त हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा