बांगो बांध में 90.77 फीसदी जलभराव, पानी स्थिर, गेट खोलने की नौबत नहीं

 


कोरबा, 10 अगस्त (हि.स.)। लगातार बारिश थमने के बाद बांगो बांध में पानी की आवक कम हो गई है। वर्तमान में बांध में करीब 90.77 फीसदी जलभराव है और जलस्तर फिलहाल स्थिर बना हुआ है। बांध में प्रति सेकंड करीब 20 हजार क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। फिलहाल बांध के गेट खोलने की आवश्यकता नहीं है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती ने साेमवार काे बताया कि बांध में जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में पानी का स्तर स्थिर है और बांध में अधिकतम करीब 94 फीसदी जलभराव तक स्थिति को नियंत्रित रखा जा सकता है। यदि बारिश के कारण पानी की आवक बढ़ती है और जलस्तर निर्धारित सीमा तक पहुंचता है, तो परिस्थितियों के अनुसार गेट खोलने का निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बांध में जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए हाइडल पावर प्लांट की तीनों इकाइयों को फुल लोड पर संचालित किया जा रहा है। तीनों इकाइयों से करीब 3-3 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इस तरह करीब 9 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड नदी में प्रवाहित हो रहा है।

बांध में करीब 20 हजार क्यूसेक पानी की आवक के मुकाबले शेष पानी मिनीमाता हसदेव जलाशय में पहुंच रहा है। भारती ने बताया कि बांध में हर घंटे जलभराव की स्थिति की जांच की जा रही है और इसकी रिपोर्ट जल संसाधन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन को भी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल बांध की स्थिति सामान्य है। हालांकि, नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी