शराब दुकान के पीछे जुआ खेलते नाै जुआरी गिरफ्तार
58 हजार रुपये का सामान जब्त
धमतरी, 08 मार्च (हि.स.)। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना अर्जुनी पुलिस ने ग्राम आमदी में रविवार को कार्रवाई करते हुए शराब दुकान के पीछे जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नगद राशि, मोबाइल फोन और ताश पत्ती सहित कुल 58,100 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना अर्जुनी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमदी स्थित शराब दुकान के पीछे कुछ लोग ताश पत्ती के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9 लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए पाए गए।
पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23,100 रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग 35,000 रुपये आंकी गई है तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त मशरूका की कुल कीमत 58,100 रुपये बताई गई है। मामले में थाना अर्जुनी ने जुआ एक्ट के अंतर्गत आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया है उनमें शेखर साहू निवासी भानपुरी, द्वारिका साहू निवासी आमदी, टिमेश साहू निवासी आमदी, सोमेश्वर पटेल निवासी पेण्डरवानी जिला बालोद, धनेश्वर चंदेल निवासी पलारी जिला बालोद, टीकम महार निवासी परसतराई, गोकुल राम साहू निवासी परसतराई, पवन कुमार सतनामी निवासी पलारी जिला बालोद तथा भूपेन्द्र सेन निवासी रत्नाबांधा धमतरी शामिल हैं। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा