सुकमा नक्सली डंप से 79 जिलेटिन स्टिक, नक्सली वर्दी के कपड़े व अन्य सामग्री बरामद

 


सुकमा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन की सी कंपनी द्वारा सर्चिंग अभियान के दाैरान आज साेमवार काे ग्राम मोसलमुडगु के बाहरी जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री का नक्सली डंप बरामद किया है। बरामद नक्सली डंप से 79 जिलेटिन स्टिक, नक्सली वर्दी के काले कपड़े और नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री बरामद हुई है। सुकमा एसपी मयंक गुर्जर ने नक्सली डंप बरामद करने की पुष्टि की है।

सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन को को सूचना मिली थी कि मोसलमुडगु के बाहरी इलाके में नक्सलियों ने विस्फोटक और अन्य सामान छिपाकर रखा है। इसके आधार पर सीआरपीएफ की 219वीं बटालियन की सी कंपनी द्वारा सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान जवान संदिग्ध स्थान पर पहुंचकर डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन तलाशी ली गई। इस दौरान एक छोटा नीला कंटेनर मिला, जिसमें विस्फोटक सामग्री और नक्सली गतिविधियों से जुड़ा सामान रखा था। बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सामग्री को सुरक्षित तरीके से बरामद किया। इसके बाद आस-पास के इलाके में अन्य डंप की तलाश भी की गई।

बरामद नक्सली डंप से 79 जिलेटिन स्टिक, पीले रंग के इलेक्ट्रिक वायर के 04 बंडल, हरे रंग के इलेक्ट्रिक वायर के 03 बंडल, 7 हरे सिंथेटिक कॉम्बैट बेल्ट, नक्सली वर्दी के काले कपड़े के 03 बंडल, 1 छोटा नीला कंटेनर, 07 पेन, 01 छोटा कैलकुलेटर, 01 पॉकेट डायरी बरामद करने के बाद सामग्री के साथ सुरक्षित भेज्जी कैंप लौट आए। सीआरपीएफ के अनुसार इलाके में नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे