सुशासन तिहार में 752 आवेदनों का मौके पर किया गया निराकरण
सिहावा शिविर में हितग्राहियों को मिली व्हील चेयर, सुपोषण किट, आयुष्मान कार्ड और रोजगार सामग्री
धमतरी, 20 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार 2026 के तहत नगरी विकासखंड के सिहावा में बुधवार को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का बड़ा मंच बनकर सामने आया। 13 ग्राम पंचायतों के लोगों की मौजूदगी में आयोजित शिविर में कुल 752 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 743 मांग संबंधी आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। विशेष बात यह रही कि शिविर में शिकायत से जुड़ा एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
सिहावा, रिसगांव, झुरातराई, खम्हरिया, बेलरगांव, गढ़डोंगरी, मुनईकेरा, हरदीभाटा, देवपुर, छिपलीपारा, बिरगुड़ी और सिरसिदा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे। अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। अरुण सार्वा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के जरिए शासन की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिविरों में ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करने का संकेत है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री भी वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड और फूड बास्केट बांटे, महिला एवं बाल विकास विभाग ने सुपोषण किट प्रदान की। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग हितग्राही को व्हील चेयर उपलब्ध कराई, वहीं मत्स्य पालन विभाग ने मछुआरों को जाल और आइस बॉक्स देकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा