बस्तर में सीजी सेट परीक्षा में 7,161 उपस्थित तथा 2,616 अनुपस्थित रहे

 


जगदलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (सीजी सेट-2026) रविवार को बस्तर जिले के सभी 49 परीक्षा केंद्रों पर चाक-चौबंद सुरक्षा और पूरी पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।

जिले में दोनों पालियों के लिए कुल 9,777 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 73 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रथम पाली में पंजीकृत 9,777 परीक्षार्थियों में से 7,161 उपस्थित रहे तथा 2,616 अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में 7,131 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,646 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस परीक्षा की शुचिता और गरिमा बनाए रखने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा बेहद कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। निर्धारित नियमों के तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व ही केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिससे मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से उनकी गहन तलाशी ली जा सकी। इसके बाद वीक्षकों द्वारा प्रवेश पत्र तथा वैध पहचान पत्रों का सूक्ष्मता से सत्यापन किया गया, साथ ही जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में तस्वीर स्पष्ट नहीं थी, उनसे दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लेकर ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा कक्षों में नकल व अनुचित साधनों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त ड्रेस कोड लागू किया था। इसके चलते परीक्षार्थी केवल हल्के रंग की हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े तथा पैरों में चप्पल पहनकर ही परीक्षा दे सके। परीक्षा परिसर में जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, पर्स, चश्मा, टोपी, स्कार्फ, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा महिला अभ्यर्थियों के आभूषणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।

परीक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर कृष्ण कुमार जायसवाल, शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य व समन्वयक डॉ. अनिल श्रीवास्तव तथा सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर की टीम लगातार सक्रिय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे