चिमनी की आग से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जलकर मौत, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम मोड़े में चिमनी की आग से 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला रात में बिजली गुल होने के बाद चिमनी जलाकर सो गई थीं। रविवार सुबह परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह जली हुई हालत में जमीन पर पड़ी मिलीं। सूचना के बाद तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मोड़े निवासी शाहीन बाई पटेल (70) अपने घर में सो रही थीं। बताया जा रहा है कि वह अक्सर बिस्तर के पास चिमनी रखकर सोती थीं। घटना वाली रात बिजली बंद होने के बाद उन्होंने चिमनी जलाई और सो गईं।
इसी दौरान किसी तरह चिमनी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। रात में परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
सुबह काफी देर तक शाहीन बाई घर से बाहर नहीं आईं तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो बुजुर्ग महिला जली हुई अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल