कोरबा में निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी का बड़ा खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार
कोरबा, 06 मई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस ने निर्माणाधीन रेलवे लाइन से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दीपका थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी किया गया केबल और 5000 रुपये नगद बरामद किए हैं। सभी आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अपराधों पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दीपका पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब पीड़ित ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई कि निर्माणाधीन रेलवे लाइन से करीब 200 किलोग्राम केबल चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश तेज की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेह के आधार पर 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिताें ने केबल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का केबल और बिक्री से प्राप्त 5000 रुपये जब्त कर लिए।
गिरफ्तार आरोपिताें में शत्रुघ्न रोहिदास (35 वर्ष), परदेसी रोहिदास (30 वर्ष), बैसाखू रोहिदास (50 वर्ष), अनुज महिलांगे (26 वर्ष), शनीराम अगरिया (45 वर्ष) और राकेश रोहिदास (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपित दीपका क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने बुधवार काे सभी आरोपिताें को न्यायालय में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपिताें की तलाश जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि रेलवे या अन्य सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी