हिंदी विषय की 5500 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंची
धमतरी, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10 अप्रैल को हिंदी विषय की परीक्षा दोबारा आयोजित किए जाने के बाद 12 अप्रैल को प्रदेश के सभी जिलों के मूल्यांकन केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाएं भेजी गई हैं। इसी कड़ी में शहर के शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12 वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय की लगभग 5500 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंची हैं।
सोमवार को इनमें से 1500 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शिव सिंह वर्मा स्कूल धमतरी में 16 मार्च से लगातार जारी है। पहले और दूसरे चरण में कक्षा 10 वीं की 43216 और 12 वीं की 22857 सहित कुल 66073 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर उन्हें बोर्ड को भेजा जा चुका है।
मूल्यांकन केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि 12वीं के हिंदी विषय की पुनर्परीक्षा के बाद लगभग 5500 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आई हैं। पहले दिन 55 शिक्षकों द्वारा 1500 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड द्वारा 14 अप्रैल तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन परीक्षकों की संख्या बढ़ने पर ही यह कार्य समय पर पूर्ण हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा