आदिम जाति सेवा सहकारी समिति की 50वीं वार्षिक आमसभा का हुआ आयाेजन

 


जगदलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, जगदलपुर कार्यालय परिसर में आज मंगलवार काे समिति की 50वीं वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। आमसभा में समिति के वित्तीय कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना एवं बजट पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि नानगुर मंडल अध्यक्ष हरिराम मंडावी, संस्था के प्राधिकृत अधिकारी योगेश सिंह ठाकुर, जगदलपुर शाखा प्रबंधक दीपाली जैन, प्रधान कार्यालय से पर्यवेक्षक मनोज सिंह, इफ्को से वैभव पाण्डेय सहित संस्था के प्रबंधक सोनू राव, समस्त कर्मचारी एवं समिति के कार्यक्षेत्र से जुड़े कृषकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सहकारिता किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। समितियों की सक्रियता, पारदर्शी कार्यप्रणाली और किसानों की सहभागिता से सहकारिता को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान हमारी सहकारी व्यवस्था के केंद्र में हैं, इसलिए समितियों को किसानों की आवश्यकताओं और हितों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने संस्था की 50वीं वार्षिक आमसभा के अवसर पर सभी सदस्यों, कर्मचारियों एवं कृषकगणों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी वित्तीय वर्ष में संस्था के बेहतर संचालन और प्रगति की कामना की।

आमसभा के दौरान संस्था के वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय लेखा-जोखा को प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों एवं कृषकगणों की सहमति के पश्चात दोनों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। इस अवसर पर समिति के कार्यों, वित्तीय गतिविधियों तथा किसानों से जुड़े सहकारी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। आमसभा में कृषक सदस्यों की सहभागिता ने सहकारिता व्यवस्था के प्रति उनके विश्वास और सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया। समिति की 50वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन संस्था के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसमें वित्तीय पारदर्शिता, आगामी कार्ययोजना और सहकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने को लेकर सामूहिक निर्णय लिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे