विश्व शांति के लिए जांजगीर में 21 अप्रैल को हाेगा 501 पार्थिव शिवलिंग निर्माण व जलाभिषेक

 




जांजगीर-चांपा, 4 अप्रैल (हि. स.)। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में 21 अप्रैल को जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। आयोजन की जानकारी समिति पदाधिकारियों ने आज शनिवार को पत्रकारवार्ता में दी।

समिति के अभिषेक शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 501 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार किया जाएगा। यह आयोजन विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। पार्थिव शिवलिंग का निर्माण टिला और तालाब की पवित्र मिट्टी से किया जाएगा तथा पूजन के बाद उनका विधिवत नदी में विसर्जन किया जाएगा।

कार्यक्रम में लगभग 501 परिवारों के शामिल होने की संभावना है। प्रत्येक परिवार से 2100 रुपये का सहयोग निर्धारित किया गया है, जिसमें पूजन सामग्री और भोजन प्रसाद की व्यवस्था शामिल रहेगी। श्रद्धालु भगवान शिव को 50 ग्राम दूध अर्पित कर अभिषेक करेंगे।

आयोजन के दौरान आचार्यों का प्रवेश, जलाभिषेक, श्रृंगार और महाप्रसाद वितरण जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। सभी वर्गों के लोग इसमें शामिल हो सकेंगे और पूजन में बैठने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं रहेगा।

समिति ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन से गुलाब जल का छिड़काव किया जाएगा। सुरक्षा के लिए चार दमकल वाहन तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा और लगभग 5000 लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है।

प्रेस वार्ता में समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT