सुशासन तिहार : देवलापाठ शिविर में 499 आवेदन प्राप्त, 189 का मौके पर निराकरण
कोरबा, 20 मई (हि. स.)। सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत करतला के ग्राम देवलापाठ में आज बुधवार काे जिलास्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे गांवों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष आयोजित समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया गया था और इस वर्ष भी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेकर बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की अपील भी की।
जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष अशोका विश्राम कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीणों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
जनपद पंचायत करतला के सीईओ वैभव कौशिक ने बताया कि शिविर में कुल 499 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 189 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसी रोड, पुल-पुलिया सहित विभिन्न अधोसंरचना निर्माण संबंधी मांगों को कार्ययोजना में शामिल कर स्वीकृति दी जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और सामग्री वितरित की गई। कृषि विभाग की ओर से फुलझर निवासी रामकुमार को विद्युत पंप प्रदान किया गया। साथ ही 19 हितग्राहियों को किसान किताब और पांच किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत चार हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। खाद्य विभाग द्वारा 12 लोगों को राशन कार्ड तथा महात्मा गांधी नरेगा के तहत चार लाभार्थियों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्राम पंचायत देवलापाठ, दमखांचा, मोहरा और रोगदा को टीबी मुक्त ग्राम घोषित करते हुए स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हितग्राहियों को पोषण आहार किट वितरित की गई। कार्यक्रम में एसडीएम सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी